
गाजियाबाद। महिलाओं और किशोरियों में मासिक धर्म स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आज इंदिरापुरम स्थित आशियाना सोसायटी में एक सराहनीय सामाजिक पहल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कुल 1000 सेनेटरी पैड सोसायटी के परिवारों एवं महिलाओं को वितरित किए गए।

यह कार्यक्रम रोटरी क्लब दिल्ली लेगेसी द्वारा डिस्ट्रिक्ट रोटरी हेल्थ अवेयरनेस मिशन एवं आरएचएएम फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित किया गया। यह पहल रोटरी क्लब द्वारा प्रतिमाह नियमित रूप से संचालित की जा रही है, जिसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं में मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना, भ्रांतियों को दूर करना तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है।

कार्यक्रम के दौरान रोटरी क्लब दिल्ली लेगेसी के अध्यक्ष राजेश गोयल, क्लब सदस्य श्री त्यागी, सचिव रोटेरियन रेणुका सहित आरएचएएम फाउंडेशन के संस्थापक एवं चेयरमैन डॉ. धीरज के. भार्गव विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने महिलाओं को स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी दी और इस प्रकार की पहलों को समाज के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।

आयोजकों ने बताया कि इस मिशन का उद्देश्य महिलाओं में स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ाना, सामाजिक संकोच को समाप्त करना तथा समुदाय में स्वस्थ आदतों को बढ़ावा देना है। स्थानीय निवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों की आवश्यकता पर जोर दिया।



