रिवर हाइट सोसाइटी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव धूमधाम से सम्पन्न

गाजियाबाद। रिवर हाइट सोसाइटी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर पूरी सोसाइटी को दुल्हन की तरह आकर्षक ढंग से सजाया गया था। मंदिर की भव्य सजावट और मनमोहक विद्युत रोशनी ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

जन्माष्टमी के अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण के चरणों में हाजिरी लगाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री नरेंद्र कश्यप, विधायक संजीव शर्मा, पूर्व राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल, महानगर भाजपा अध्यक्ष मयंक गोयल, राहुल गोयल (सदस्य, खाद्य निगम), महानगर भाजपा महामंत्री पंकज भारद्वाज, चीफ वार्डन सिविल डिफेंस ललित जायसवाल, भारत त्यागी (राष्ट्रीय भाजपा कार्यालय) तथा नंदग्राम मंडल अध्यक्ष भाजपा हेमंत त्यागी सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए और आयोजन की शोभा बढ़ाई।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद देर रात तक दिल्ली से आए प्रसिद्ध कलाकारों ने भजनों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। भक्ति गीतों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए और भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की खुशी में भक्तिमय वातावरण में नृत्य किया।
कार्यक्रम में राधा-कृष्ण, हनुमान जी, माता काली और अघोरी सहित विभिन्न देवी-देवताओं एवं धार्मिक प्रसंगों पर आधारित मनमोहक झांकियां भी प्रस्तुत की गईं, जिन्होंने श्रद्धालुओं का विशेष आकर्षण खींचा।

कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों और श्रद्धालुओं का श्री सुबोध त्यागी एवं उनकी पूरी टीम द्वारा भव्य स्वागत किया गया। श्री सुबोध त्यागी ने सभी सोसाइटी निवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए आयोजन में शामिल होने के लिए सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।
भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के उपरांत श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया। इसके साथ ही सभी के सुख, शांति, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले समस्त स्टाफ, सहयोगियों, माताओं-बहनों और सोसाइटी के सभी निवासियों के प्रति सुबोध त्यागी एवं उनकी टीम ने आभार व्यक्त किया।


