DadriNoida

एनटीपीसी दादरी का स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न, उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारी एवं संविदा श्रमिक सम्मानित

दादरी (हिंद आत्मा)। एनटीपीसी दादरी में 9 नवंबर 2026 को स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संस्थान के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं संविदा श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ एनटीपीसी दादरी के कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख समीर शर्मा ने एनटीपीसी ध्वज फहराकर किया। इसके उपरांत उन्होंने परेड का निरीक्षण किया तथा उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया।

अपने संबोधन में समीर शर्मा ने एनटीपीसी दादरी की गौरवशाली यात्रा, वर्षों के दौरान हासिल की गई प्रमुख उपलब्धियों और देश के विद्युत क्षेत्र में संस्थान के महत्वपूर्ण योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्युत उत्पादन, परिचालन दक्षता, बायोमास सह-दहन तथा हरित ऊर्जा के क्षेत्र में स्टेशन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्थान की प्रगति में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं श्रमिकों की मेहनत, समर्पण और सामूहिक प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

उन्होंने कर्मचारियों से सुरक्षा मानकों का पूरी गंभीरता से पालन करने, टीम भावना एवं पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए दादरी स्टेशन को एनटीपीसी का नंबर-1 स्टेशन बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य एवं उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्मचारियों तथा संविदा श्रमिकों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इससे कर्मचारियों का उत्साहवर्धन हुआ और संस्थान के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को प्रोत्साहन मिला। कार्यक्रम का समापन केक काटकर स्थापना दिवस की खुशियां साझा करने के साथ हुआ।

इस अवसर पर महाप्रबंधक (ओएंडएम) संजय कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, सीआईएसएफ के जवान, जागृति समाज के पदाधिकारी, विभिन्न यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि तथा संविदा श्रमिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह ने एनटीपीसी दादरी की गौरवशाली परंपरा, उपलब्धियों और उज्ज्वल भविष्य के प्रति सामूहिक संकल्प को प्रदर्शित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button