LifestyleNationalUttar Pradesh

SBR इंटर कॉलेज पटियाली में NDRF ने चलाया स्कूल सेफ्टी अभियान

  • विद्यार्थियों को सिखाए आपदा से बचाव के गुर, CPR, BLS और प्राथमिक उपचार का कराया अभ्यास

पटियाली, कासगंज। 8वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), गाजियाबाद की टीम द्वारा जनपद कासगंज में जिला प्रशासन के समन्वय एवं सहयोग से आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं जनजागरूकता को लेकर लगातार विभिन्न अभियान एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में SBR इंटर कॉलेज, पटियाली में स्कूल सेफ्टी एवं आपदा जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। टीम कमांडर निरीक्षक चमन किशोर गुप्ता के नेतृत्व में एनडीआरएफ टीम ने विद्यार्थियों को विभिन्न आपदाओं के दौरान सुरक्षित रहने, त्वरित प्रतिक्रिया देने तथा बचाव एवं राहत के उपायों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को भूकंप जैसी आपदा के समय अपनाई जाने वाली Drop-Cover-Hold तकनीक, सुरक्षित निकासी एवं अग्नि सुरक्षा के उपायों का प्रत्यक्ष अभ्यास कराया गया। एनडीआरएफ विशेषज्ञों ने बताया कि आपदा की स्थिति में घबराने के बजाय संयम और सतर्कता के साथ सही निर्णय लेना अत्यंत महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में स्वयं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के बाद ही दूसरों की सहायता के लिए आगे बढ़ना चाहिए।

विद्यार्थियों को प्राथमिक उपचार, CPR एवं बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) की तकनीकों का प्रदर्शन कर उनका व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया। इसके अलावा किसी व्यक्ति के Choking की स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए Heimlich Manoeuvre Technique के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई और विद्यार्थियों से इसका अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए विभिन्न बचाव तकनीकों को समझा और उनका अभ्यास किया।


इस दौरान आकाशीय बिजली से बचाव एवं पूर्व चेतावनी को लेकर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। एनडीआरएफ टीम ने Sachet App एवं Damini अप्प की उपयोगिता समझाते हुए बताया कि इन ऐप के माध्यम से मौसम एवं आकाशीय बिजली से संबंधित चेतावनियों की जानकारी प्राप्त कर समय रहते आवश्यक सावधानियां बरती जा सकती हैं। विद्यार्थियों को प्राकृतिक आपदाओं के प्रति सजग रहने तथा चेतावनी मिलने पर तत्काल सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए प्रेरित किया गया।

एनडीआरएफ टीम ने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि आपदा के समय जागरूकता, धैर्य, सतर्कता और सही जानकारी ही सबसे बड़ा बचाव है।

विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने एनडीआरएफ टीम द्वारा आयोजित इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के व्यावहारिक प्रशिक्षण से विद्यार्थियों में आपदा के समय सही निर्णय लेने का आत्मविश्वास विकसित होता है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रशिक्षण में भाग लिया ।

इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल आपदा के प्रति जागरूक करना ही नहीं, बल्कि उन्हें आपात परिस्थितियों में स्वयं की एवं दूसरों की सुरक्षा के लिए सक्षम और आत्मविश्वासी बनाना है। एनडीआरएफ टीम ने संदेश दिया कि आपदा कभी बताकर नहीं आती, लेकिन जागरूकता, पूर्व तैयारी और सही समय पर सही कदम उठाकर इसके प्रभाव को काफी हद तक कम किया जा सकता है। विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन में प्रशिक्षित एवं जागरूक बनाना तथा उनके परिवार और समाज तक सुरक्षा का संदेश पहुंचाना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button