शिक्षक दिवस पर छात्रा राधिका देवी बनीं एक दिन की प्रधानाध्यापक

विद्यालय की 11 कक्षाओं का किया संचालन, शिक्षकों के साथ मिलकर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
कौशांबी। शिक्षक दिवस एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति और महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस के अवसर पर पी.एम. श्री कंपोजिट विद्यालय कसिया पश्चिम, सिराथू, कौशांबी में अनूठी पहल देखने को मिली। विद्यालय की कक्षा 8 की छात्रा राधिका देवी ने एक दिन के लिए प्रधानाध्यापक का कार्यभार संभाला।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक सचिन कुमार ओझा ने छात्रा राधिका देवी को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद राधिका देवी ने प्रधानाध्यापक के रूप में विद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
राधिका देवी ने अपनी टीम में शामिल 11 शिक्षकों के साथ विद्यालय की 11 कक्षाओं का संचालन कराया। उन्होंने विद्यालय का भ्रमण कर कक्षाओं की स्थिति का निरीक्षण किया और यह सुनिश्चित किया कि सभी कक्षाएं सुचारू रूप से संचालित हों। उन्होंने समय पर मध्यान्ह भोजन वितरण की व्यवस्था भी देखी।
इस दौरान राधिका देवी ने कक्षाओं में होने वाली समस्याओं तथा बच्चों के बीच उत्पन्न होने वाली विभिन्न समस्याओं को समझकर उनका समाधान कराने का प्रयास किया। एक दिन के लिए प्रधानाध्यापक की जिम्मेदारी संभालकर छात्रा ने नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की क्षमता और विद्यालय संचालन का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया।
शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यालय के बच्चों ने अपनी-अपनी कक्षाओं के अध्यापकों को उपहार भेंट कर उनके प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अवसर पर पुष्पा सिंह, अनीता पांडे, आलोक कुमार पटेल, विकास चंद केसरवानी, रुचि मिश्रा, नीरज कुमार, संघप्रिया एवं प्रेम प्रकाश सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। इस अनूठी पहल की विद्यालय परिवार और विद्यार्थियों ने सराहना की।


