GhaziabadUttar Pradesh

अंतरविद्यालयीय खो-खो प्रतियोगिता में एलएमटी क्लब का दबदबा, चार वर्गों में जीते खिताब

  • रोटरी क्लब गाजियाबाद ग्रेटर नेक्स्ट के संरक्षण में आयोजित प्रतियोगिता में 48 टीमों ने लिया भाग, आदित्य शर्मा रहे आयोजक सचिव

गाजियाबाद (हिन्द आत्मा)। रोटरी क्लब गाजियाबाद ग्रेटर नेक्स्ट के संरक्षण में एलएमटी खो-खो क्लब गाजियाबाद की ओर से लोकमान्य तिलक इंटर कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय अंतरविद्यालयीय खो-खो प्रतियोगिता का 24 अक्टूबर को भव्य समापन हुआ। 23 और 24 अक्टूबर को आयोजित प्रतियोगिता में 14 और 17 वर्ष से कम आयु वर्ग के बालक-बालिका वर्ग की लगभग 48 टीमों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन करते हुए मुकाबलों को रोमांचक बना दिया।

चार वर्गों में घोषित हुए विजेता

प्रतियोगिता के 17 वर्ष से कम आयु वर्ग की बालिका श्रेणी में एलएमटी खो-खो क्लब गाजियाबाद ने प्रथम, एमबी गर्ल्स ने द्वितीय और एमपीएस, जागृति विहार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी आयु वर्ग के बालक वर्ग में बलिराम टीम प्रथम, एलएमटी खो-खो क्लब गाजियाबाद द्वितीय और इंग्राहम इंटर कॉलेज तृतीय स्थान पर रहा।

14 वर्ष से कम आयु वर्ग की बालिका श्रेणी में एलएमटी खो-खो क्लब गाजियाबाद ने प्रथम, लोटस कॉन्वेंट स्कूल ने द्वितीय और एकलव्य स्कूल ने तृतीय स्थान हासिल किया। बालक वर्ग में एलएमटी खो-खो क्लब गाजियाबाद प्रथम, जेएमएस वर्ल्ड स्कूल द्वितीय और इंडियन एजुकेशन स्कूल तृतीय स्थान पर रहा। प्रतियोगिता में एलएमटी खो-खो क्लब की टीमों ने चारों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त कर शानदार प्रदर्शन किया। विशेष रूप से 17 वर्ष से कम आयु वर्ग की बालिका टीम ने अपने सभी मुकाबलों में जीत दर्ज की।

अतिथियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

समापन समारोह में रोटरी क्लब गाजियाबाद के पूर्व अध्यक्ष रोटेरियन सुरेंद्र शर्मा, वरिष्ठ शिक्षक रवींद्र चौधरी, काव्या स्पोर्ट्स के संचालक रिंकू गौतम और एमपीएस स्कूल की शारीरिक शिक्षा विभाग प्रमुख रेनू चौधरी उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

रोटरी क्लब गाजियाबाद ग्रेटर नेक्स्ट का उद्देश्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना और उन्हें अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव प्राप्त करने के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का अवसर मिला।

प्रतियोगिता को सफल बनाने में एलएमटी खो-खो क्लब गाजियाबाद की प्रशिक्षिका मोनी के साथ अमित प्रताप सिंह, सन्नी तेवतिया, सोनू कुमार, सूर्या शुक्ला, सचिन चौधरी और अनमोल गुप्ता का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रतियोगिता के आयोजक सचिव आदित्य शर्मा ने सभी प्रतिभागी विद्यालयों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अतिथियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसी प्रतियोगिताओं के आयोजन के माध्यम से युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खो-खो खेल को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता जताई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button