GhaziabadNationalUttar Pradesh
पुलिसकर्मियों को बेसिक लाइफ सपोर्ट व एर्गोनोमिक व्यायाम का प्रशिक्षण

गाजियाबाद। पुलिस आयुक्त गाजियाबाद के निर्देशन में थाना खोड़ा स्थित सेमिनार हॉल में एनआईएसी प्राइवेट लिमिटेड की विशेषज्ञ टीम द्वारा पुलिसकर्मियों के लिए जीवन रक्षक (Basic Life Support) एवं शारीरिक संतुलन व्यायाम (Ergonomic Exercises) पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस प्रशिक्षण का शुभारंभ सहायक पुलिस आयुक्त इन्दिरापुरम ने किया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी, थानाध्यक्ष एवं चौकी प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मी शामिल हुए।

प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने बताया कि बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) ऐसी तकनीक है जो दिल का दौरा, श्वसन विफलता या अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन बचाने में सहायक होती है। पुलिसकर्मियों को कार्डियक अरेस्ट की पहचान, सीपीआर (Cardiopulmonary Resuscitation) की विधि एवं गोल्डन आवर के महत्व की जानकारी दी गई। डॉ. वरुण खन्ना ने पुलिसकर्मियों को सीपीआर का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया।

एर्गोनोमिक प्रशिक्षण के अंतर्गत पुलिसकर्मियों को लगातार ड्यूटी के दौरान शारीरिक देखभाल के उपाय बताए गए। विशेषज्ञों ने कमर दर्द, गर्दन दर्द एवं घुटने की समस्याओं से बचाव हेतु स्ट्रेचिंग और हल्के व्यायाम करने की सलाह दी।

साथ ही सही बैठने की मुद्रा, डेस्क पर स्ट्रेचिंग अभ्यास, नियमित ब्रेक लेने तथा भारी वस्तुएं उठाने की सुरक्षित तकनीक के बारे में विस्तार से बताया गया।
इस अवसर पर एनआईएसी प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक डॉ. नीरज मिश्रा, डॉ. वरुण खन्ना, इंडियन एसोसिएशन ऑफ फिजियोथैरेपिस्ट गाजियाबाद शाखा के अध्यक्ष डॉ. गुरुचरण, सचिव डॉ. नमित वार्ष्णेय, वरिष्ठ फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. मोहित कुमार, हरिओम गुप्ता, मोहन दास, संजीव वर्मा, विकल कुलश्रेष्ठ सहित प्रशिक्षक टीम एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।



