महाकवि गोपालदास ‘नीरज’ की पुण्यतिथि की पूर्व संध्या पर होगा अखिल भारतीय कवि सम्मेलन, देशभर के प्रख्यात कवि होंगे शामिल

गाजियाबाद। महाकवि गोपालदास ‘नीरज’ की पुण्यतिथि की पूर्व संध्या पर 18 जुलाई 2026 (शनिवार) सायं 6 बजे हिन्दी भवन, गाजियाबाद में भव्य अखिल भारतीय कवि सम्मेलन “अजर नीरज अमर नीरज” का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन मान्यता प्राप्त पत्रकार कल्याण समिति, दिल्ली एवं महाकवि गोपालदास नीरज फाउंडेशन ट्रस्ट, आगरा के संयुक्त तत्वावधान में हो रहा है।
इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले प्रतिष्ठित कवि एवं साहित्यकार अपनी ओज, हास्य, श्रृंगार, गीत एवं समसामयिक रचनाओं की प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य महाकवि नीरज की साहित्यिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुँचाना तथा हिन्दी साहित्य और काव्य परंपरा को नई ऊर्जा प्रदान करना है।

मान्यता प्राप्त पत्रकार कल्याण समिति के अध्यक्ष रवींद्र गुप्ता एवं कोषाध्यक्ष अशोक कौशिक ने संयुक्त रूप से बताया कि कवि सम्मेलन में पद्मश्री सुरेन्द्र शर्मा (दिल्ली), विष्णु सक्सेना (अलीगढ़), सर्वेश अस्थाना (लखनऊ), पवन कुमार (आईएएस, दिल्ली), डॉ. सीता सागर (गाजियाबाद), प्रो. शैलेश गौतम (प्रयागराज), महेश श्रीवास्तव (बस्ती), शशांक नीरज (आगरा), डॉ. कविता किरण (राजस्थान) तथा कर्नल संजय चतुर्वेदी (बरेली) अपनी रचनाओं का पाठ करेंगे।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इसके अतिरिक्त दूधेश्वर नाथ महादेव मठ मंदिर के श्री नारायण गिरि जी महाराज, डासना देवी मंदिर के श्री महंत नरसिंहानंद जी महाराज, धौलाना विधायक धर्मेश तोमर, नोएडा विधायक पंकज सिंह, गाजियाबाद विधायक संजीव शर्मा, मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी, लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर, भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क के सीएमडी एवं महाकवि गोपालदास नीरज जी फाउंडेशन ट्रस्ट के संरक्षक उपेन्द्र राय, विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएंगे।
यह आयोजन केवल एक कवि सम्मेलन नहीं, बल्कि महाकवि नीरज के साहित्य, विचारों और मानवीय मूल्यों को समर्पित एक सांस्कृतिक श्रद्धांजलि है। कार्यक्रम में साहित्यकारों, पत्रकारों, शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमियों की सहभागिता अपेक्षित है।
कार्यक्रम के उपरांत रात्रि लगभग 9:30 बजे सभी आमंत्रित अतिथियों एवं प्रतिभागियों के लिए सामूहिक रात्रि-भोज की भी व्यवस्था की गई है।



