गाजियाबाद में नशे में धुत युवकों की तेज रफ्तार हैरियर ने परिवार की स्विफ्ट उड़ाई, चार घायल
- कविनगर के इंग्राहम तिराहे पर आधी रात भीषण हादसा; टक्कर के बाद सड़क के दूसरी तरफ जा गिरी स्विफ्ट, पुलिस ने तीन युवकों को पकड़ा, दो फरार।
गाजियाबाद। कविनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात करीब 12 बजे इंग्राहम तिराहे पर तेज रफ्तार टाटा हैरियर और स्विफ्ट कार के बीच भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्विफ्ट कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कार सड़क के दूसरी तरफ जा गिरी। हादसे में स्विफ्ट सवार एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए। गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई।
जानकारी के मुताबिक, करीब 23 वर्षीय सारांश शर्मा स्विफ्ट कार चला रहे थे। कार में उनके पिता अमरदीप शास्त्री, मां शर्मिला शर्मा और बहन श्रुति शर्मा भी सवार थीं। परिवार एएलटी चौराहे की ओर से वापस लौट रहा था। इंग्राहम तिराहे पर वे इस्कॉन की तरफ मुड़ रहे थे, तभी दिल्ली की ओर से तेज रफ्तार में आ रही टाटा हैरियर ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी।

120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार का दावा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टाटा हैरियर की रफ्तार करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटे थी। बताया गया कि हैरियर में पांच युवक सवार थे और वे कथित तौर पर शराब के नशे में थे। जोरदार टक्कर के बाद स्विफ्ट का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कार सड़क के दूसरी तरफ जा गिरी।
तीन युवक पुलिस की गिरफ्त में, दो मौके से फरार
हादसे की सूचना मिलते ही कविनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हैरियर में सवार तीन युवकों को मौके से पकड़ लिया, जबकि दो युवक भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गए। पकड़े गए युवकों का मेडिकल परीक्षण कराया गया। पुलिस के अनुसार, मेडिकल जांच में शराब का सेवन कर वाहन चलाने की पुष्टि हुई है।

परिवार के चारों सदस्य घायल, टली बड़ी अनहोनी
भीषण हादसे में स्विफ्ट कार सवार सारांश शर्मा, अमरदीप शास्त्री, शर्मिला शर्मा और श्रुति शर्मा को चोटें आई हैं। हालांकि राहत की बात यह रही कि चारों लोग होश में हैं और हादसे में किसी की मौत नहीं हुई। हादसे के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार दोनों युवकों की तलाश की जा रही है।



