मुख्य चुनाव आयुक्त के समर्थन में उतरा उद्यमी संघ, राष्ट्रपति को ज्ञापन प्रेषित

-जिलाधिकारी गाजियाबाद के माध्यम से भेजा गया ज्ञापन, ज्ञानेश कुमार को सम्मानित करने का अनुरोध
-विदेशी फंडिंग और एजेंडे के तहत इस्तीफा मांगने वालों पर देशद्रोह के तहत कार्रवाई की मांग
गाजियाबाद (हिन्द आत्मा संवाददाता)। उत्तर प्रदेश उद्यमी विकास संघ ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे तत्वों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। संघ की ओर से गाजियाबाद जिलाधिकारी के माध्यम से भारत की राष्ट्रपति महोदया को संबोधित एक ज्ञापन प्रेषित किया गया, जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त के समर्थन में आवाज उठाते हुए इस्तीफा मांगने वालों को देश विरोधी ताकतों का मोहरा करार दिया गया है।
ज्ञापन के माध्यम से संघ ने बताया कि अत्यधिक विरोध, धमकियों, कानूनी अड़चनों और भारी दबाव के बावजूद मुख्य चुनाव आयुक्त ने राष्ट्रहित में अदम्य साहस, सूझबूझ व कानूनी समझ का परिचय देते हुए बिहार और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराए हैं। संघ का कहना है कि ज्ञानेश कुमार किसी भी आंदोलन, दबाव या उत्तेजना से प्रभावित हुए बिना केवल संविधान के दायरे में रहकर देश हित में कार्य कर रहे हैं। यही कारण है कि वे “भारत तेरे टुकड़े होंगे” की मानसिकता रखने वालों और देश विरोधी ताकतों के निशाने पर हैं।
संघ के प्रतिनिधियों ने राष्ट्रपति महोदया से मांग की है कि विदेशी आकाओं के इशारे और विदेशी फंडिंग के बल पर मुख्य चुनाव आयुक्त का इस्तीफा मांगने वाले असामाजिक तत्वों को चिह्नित कर उनके खिलाफ देशद्रोह के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही, कठिन परिस्थितियों में भी निष्पक्षता और दृढ़ता से कार्य करने के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को सम्मानित करने पर विचार करने की प्रार्थना की गई है।
ज्ञापन सौंपने वालों में उत्तर प्रदेश उद्यमी विकास संघ के अध्यक्ष उपेंद्र गोयल, उपाध्यक्ष मंजीत सिंह, कोषाध्यक्ष राजीव गुप्ता, सदस्य सुशील अरोड़ा, संजीव अरोड़ा, अमित चौधरी, आलोक मित्तल, विकास गुप्ता और प्रभात शर्मा समेत संघ के कई प्रमुख पदाधिकारी व उद्यमी शामिल रहे।



