GhaziabadHealthUttar Pradesh

लाखों लोगों के स्वास्थ्य पर असर डालने वाले कूड़ा घर के निर्माण का विरोध

पूर्व मंडल अध्यक्ष ओमदत्त कौशिक एडवोकेट ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल, स्थान बदलने की मांग

गाजियाबाद (हिन्द आत्मा)। राजनगर मंडल के निवर्तमान अध्यक्ष एवं अधिवक्ता ओमदत्त कौशिक ने संजय नगर क्षेत्र में एएलटी मोड़ से रहीसपुर जाने वाली सड़क पर कूड़ा घर बनाए जाने का विरोध करते हुए इसे क्षेत्र के लाखों लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मामला बताया है। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों से प्रस्तावित स्थल पर कूड़ा घर का निर्माण रोकने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

ओमदत्त कौशिक का आरोप है कि संजय नगर प्रथम के वार्ड संख्या 67 और वार्ड संख्या 55 के बीच एएलटी मोड़ से रहीसपुर जाने वाली सड़क पर निटरा के निकट पहले से ही कूड़ा घर बना हुआ है। इसके कारण आसपास रहने वाले लोगों को दुर्गंध, गंदगी और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि इसके बावजूद पी ब्लॉक टी-पॉइंट के सामने कविनगर जोन के छोटे-बड़े नालों से निकलने वाले कचरे को एकत्र करने के लिए दूसरा कूड़ा घर बनाने की तैयारी की जा रही है।

उन्होंने बताया कि प्रस्तावित स्थल पर टीन शेड और लोहे के एंगल लगाकर तीन तरफ से ढांचा तैयार किया जा रहा है। उनका कहना है कि इस स्थान के निकट जिला एमएमजी अस्पताल स्थित है। इसके अलावा संजय नगर के ए, बी, सी, डी, ई, एफ, जी, एच, आई, जे, के, एल, एम और एन ब्लॉक सहित रहीसपुर गांव के बड़ी संख्या में लोगों का प्रतिदिन यहां से आवागमन होता है।

ओमदत्त कौशिक ने आरोप लगाया कि पूर्व में इसी प्रकार का टीन शेड राजनगर सेक्टर-7 के सामने ग्रीन बेल्ट में बनाए जाने की तैयारी थी, जिसका राजनगर वेलफेयर एसोसिएशन और स्थानीय जागरूक नागरिकों ने विरोध किया था। विरोध के बाद अब उसी व्यवस्था को वार्ड संख्या 67 में एएलटी-रहीसपुर मार्ग स्थित ग्रीन बेल्ट में स्थापित किए जाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि यदि यहां कूड़ा एकत्र करने की व्यवस्था की जाती है तो इससे आसपास के निवासियों के साथ-साथ अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को भी परेशानी हो सकती है। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों से सवाल किया कि आबादी और अस्पताल के निकट इस प्रकार की व्यवस्था करने का आधार क्या है और इसके स्वास्थ्य संबंधी प्रभावों का आकलन किया गया है या नहीं।

ओमदत्त कौशिक ने नगर निगम से पूरे मामले की जांच कराने, निर्माण कार्य की अनुमति एवं धनराशि से संबंधित जानकारी सार्वजनिक करने तथा क्षेत्रवासियों के स्वास्थ्य और पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए उचित स्थान पर कूड़ा प्रबंधन की व्यवस्था करने की मांग की।

इस दौरान वार्ड 71 के पार्षद उमेश पप्पू नागर, समाजसेवी सुभाष शर्मा, राष्ट्रीय पंजाबी युवा संगठन के अध्यक्ष तनुज खन्ना, राजनगर मंडल के उपाध्यक्ष अनिल अरोड़ा, समाजसेवी हीरू चौहान, जयदीप सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button