GhaziabadUttar Pradesh

यमुना का जलस्तर बढ़ने की चेतावनी, जिला प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

हरिद्वार बैराज से 3.21 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया, ग़ाज़ियाबाद के निचले इलाकों में अलर्ट

ग़ाज़ियाबाद।
जिला प्रशासन ने यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर ग़ाज़ियाबादवासियों को सतर्क किया है। सिंचाई विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह हरिद्वार स्थित बैराज से लगभग 3,21,653 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इस वजह से यमुना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है और जनपद के निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

नागरिकों से सतर्क रहने की अपील

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, ग़ाज़ियाबाद ने प्रेस-नोट जारी कर कहा है कि इस परिस्थिति में सभी नागरिक प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें और अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन की टीम लगातार निगरानी कर रही है और हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

नागरिकों को दिए गए दिशा-निर्देश

  • नागरिक रेडियो, टीवी और सोशल मीडिया के माध्यम से प्रशासन की हर सूचना प्राप्त करते रहें।
  • निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोग सुरक्षित स्थानों पर पहले से शरण लें।
  • खाद्य सामग्री, दवाइयाँ, पीने का पानी, टॉर्च और अन्य ज़रूरी सामान अपने पास रखें।
  • राशन कार्ड, आधार कार्ड, बैंक पासबुक व अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज़ सुरक्षित रखें।
  • गर्भवती महिलाएँ, बच्चे, बुजुर्ग, दिव्यांगजन और बीमार व्यक्ति तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुँच जाएँ।
  • बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से न जाएँ और सतर्क रहें।
  • किसी भी प्रकार की चिकित्सीय आपात स्थिति में 108/102 पर कॉल करें।

प्रशासन पूरी तरह अलर्ट

अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सौरभ भट्ट ने कहा कि जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए टीमें तैनात की गई हैं। उन्होंने कहा कि “नदी के जलस्तर पर लगातार नज़र रखी जा रही है और किसी भी परिस्थिति में नागरिकों को समय रहते सूचना उपलब्ध कराई जाएगी।”

कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबर

प्रशासन ने आपात स्थिति के लिए कंट्रोल रूम भी सक्रिय कर दिया है। ज़िला मुख्यालय स्थित कंट्रोल रूम नंबर –

0120-2989032

0120-2986150

टोल फ्री हेल्पलाइन 1077

इन नंबरों पर नागरिक किसी भी समय संपर्क कर सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button