NationalUttranchal
हरिद्वार के प्रसिद्ध मंशा देवी मंदिर में भगदड़ मचने से 6 लोगों की मौत,कई घायल
हरिद्वार। हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर में भगदड़ मचने से कई लोगों की मौत की हो गई। मानसा देवी मंदिर में भगदड़ जैसी स्थिति पैदा होने से ये हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि हादसा मंदिर के पास स्थित सीढ़ियों पर हुआ, जहां अचानक भारी भीड़ उमड़ने से अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय सूत्रों के अनुसार कुछ लोगों की इस भगदड़ में मौत हो गई है वहीं लगभग 35 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को जिला चिकित्सालय हरिद्वार में भर्ती कराया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार जनपद में स्थित मंशा देवी मंदिर के पैदल मार्ग पर हुई भगदड़ की घटना में 06 श्रद्धालुओं की मृत्यु होने पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस घटना में मृतकों के परिजनों को 02-02 लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिलाधिकारी हरिद्वार को घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं और जिलाधिकारी हरिद्वार को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की जा रही है।
सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि इस दुर्घटना में 05 गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है। इसके अतिरिक्त 23 अन्य घायल श्रद्धालुओं का उपचार जिला चिकित्सालय हरिद्वार में चल रहा है, जहां सभी घायलों को आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
एसएसपी हरिद्वार ने बयान जारी कर बताया भगदड़ की घटना मनसा देवी मंदिर के सीढ़ी मार्ग में हुई है, जो मनसा देवी मंदिर परिसर से बाहर है। प्रथम दृष्टया बिजली के करंट फैलने की अफवाह के कारण भगदड़ होना पाया जा रहा है।



