
गाजियाबाद। सोमवार शाम लगभग 6:45 बजे लाल किले के सामने एक भीषण धमाका होने से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में दहशत फैल गई। इस हादसे में कई नागरिकों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद पूरे देश में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। मंदिरों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हो गया है।

गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट ने भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। सभी थानों को अलर्ट पर रखा गया है तथा शहर में होटलों, सार्वजनिक स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में थाना नंदग्राम की एसीपी उपासना सिंह अपनी टीम के साथ संदिग्ध स्थानों पर तलाशी और निगरानी अभियान चलाती हुई दिखाई दीं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह लगातार घटना की जानकारी ले रहे हैं और जांच एजेंसियों को पूरी गंभीरता से कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

घटना को लेकर पूरे देश में शोक और आक्रोश का माहौल है। उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं समाजसेवी अजय गुप्ता ने कहा कि “यह कायरतापूर्ण कार्य निंदनीय है। पूरा देश इस दुखद घटना में मारे गए निर्दोष नागरिकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करता है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता है।”
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि शांति बनाए रखें, अफवाहों पर ध्यान न दें, और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।



