
गाजियाबाद। रेड क्रॉस गाजियाबाद ने सेवा और सहयोग की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए लोनी तहसील के बाढ़ प्रभावित ग्राम बदरपुर में राहत अभियान चलाया। संस्था के तीन सदस्यीय दल ने शनिवार को गांव पहुँचकर बाढ़ पीड़ित परिवारों का हालचाल जाना और उन्हें आवश्यक सामग्री वितरित की।

ग्राम बदरपुर में बाढ़ की वजह से अनेक परिवार बेघर होकर प्रशासन द्वारा बनाए गए अस्थाई आश्रय स्थलों में रह रहे हैं। जलभराव और असुविधाओं के कारण ग्रामीणों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस पीड़ा को देखते हुए रेड क्रॉस टीम ने प्रभावित परिवारों को बिस्कुट, केले, दूध एवं बोतलबंद पानी उपलब्ध कराया। राहत कार्य के दौरान गांव में बच्चों और बुजुर्गों के चेहरों पर राहत और संतोष की झलक दिखाई दी।

इस सेवा कार्य में रेड क्रॉस गाजियाबाद के प्रमुख सदस्य सुभाष गुप्ता, एम.सी. गौड़, राकेश गुप्ता और चैतन्य सक्रिय रूप से शामिल रहे। वहीं, गांव में तैनात स्थानीय पुलिस दल ने भी सहयोग कर राहत वितरण को सुचारू रूप से संपन्न कराया।

रेड क्रॉस गाजियाबाद के आजीवन सदस्य एम.सी. गौड़ ने कहा, “पिछले तीन वर्षों में रेड क्रॉस सेवा और प्रेम का प्रतीक बन चुका है। आज गाजियाबाद का जनमानस रेड क्रॉस के नाम और कार्यों को जानने लगा है। इसका श्रेय हमारे प्रेरक सुभाष गुप्ता को जाता है, जिन्होंने दिन-रात मेहनत कर संस्था को नई पहचान दिलाई।”
उन्होंने आगे कहा कि, “ईश्वर हमें इतनी शक्ति प्रदान करें कि हम लगातार जनता की सेवा कर सकें। रेड क्रॉस का ध्येय ही पीड़ितों तक समय पर सहायता पहुँचाना है और हम इसे आगे भी पूरी निष्ठा से निभाते रहेंगे।”

रेड क्रॉस गाजियाबाद की इस पहल की गांववासियों और स्थानीय प्रशासन दोनों ने सराहना की। संस्था का यह प्रयास बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए न केवल राहत का साधन बना बल्कि उनके बीच यह विश्वास भी जगाया कि संकट की घड़ी में समाज के संवेदनशील लोग उनके साथ खड़े हैं।



