कनावनी क्षेत्र की झुग्गियों में लगी आग मामले में जांच समिति की रिपोर्ट, अनियमितताओं पर होगी कार्रवाई
गाजियाबाद। कनावनी क्षेत्र की झुग्गियों में लगी आग की घटना को लेकर प्रकाशित समाचारों के बाद विद्युत संबंधी जांच हेतु गठित त्रिस्तरीय समिति ने अपनी जांच पूरी कर ली है। जांच रिपोर्ट में समिति ने पाया कि विद्युत विभाग द्वारा बिजली बिल के नाम पर किसी प्रकार की अवैध वसूली नहीं की जा रही थी।
समिति द्वारा झुग्गी झोपड़ियों में रहने वाले लोगों के बयान दर्ज किए गए, जिनमें बताया गया कि प्रत्येक झुग्गी से लगभग दो हजार रुपये किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बदल-बदल कर वसूले जाते थे, जबकि बिजली बिल के नाम पर अलग से कोई धनराशि नहीं ली जाती थी।
जांच में यह भी सामने आया कि झुग्गी बस्तियों में तीन नए मीटर लगाकर विद्युत आपूर्ति की जा रही थी तथा उपभोक्ताओं द्वारा समय से बिजली बिल जमा किए जा रहे थे। समिति के अनुसार संबंधित विद्युत संयोजन वर्ष 2016, 2019 एवं 2023 में जारी किए गए थे और एक कोठरी में स्थापित थे।
विद्युत संयोजन जारी करने वाले कार्मिकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
रिपोर्ट में यह भी स्पष्ट किया गया है कि प्रकाशित कुछ समाचार तथ्यहीन पाए गए हैं तथा वर्तमान समय में उक्त स्थान पर किसी प्रकार का विद्युत उपयोग नहीं हो रहा है।



