गुरु तेग़ बहादुर जी के 350वें शहीदी पर्व पर नगर कीर्तन का स्वागत

देश व धर्म की रक्षा हेतु हुए थे शहीद गुरु तेग़ बहादुर जी : सरदार एस.पी. सिंह
हापुड़। श्री गुरु तेग़ बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी शताब्दी वर्ष को समर्पित नगर कीर्तन शोभायात्रा का मंगलवार को हापुड़ बाईपास गुरुद्वारा पर भव्य स्वागत किया गया। यह यात्रा 21 अगस्त को असम से प्रारंभ होकर विभिन्न राज्यों से होती हुई हापुड़ पहुँची। इसका आयोजन शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, अमृतसर द्वारा किया जा रहा है।
स्वागत अवसर पर दरबार साहिब के हैड ग्रंथी ज्ञानी केवल सिंह, यूपी सिक्ख मिशन प्रमुख ब्रजपाल सिंह, पूर्व अल्पसंख्यक आयोग सदस्य सरदार एस.पी. सिंह, सतपाल सिंह मान, दलजीत सिंह जस्सर, जगमोहन सिंह सलूजा, मनजीत सिंह सेठी, रविन्दर सिंह जौली, गगन सिंह अरोड़ा सहित हापुड़ व ग़ाज़ियाबाद की संगत उपस्थित रही।
ब्रजपाल सिंह ने बताया कि शोभायात्रा में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पालकी पांच प्यारों की अगुवाई में चल रही है, साथ ही गुरु तेग़ बहादुर साहिब जी व गुरु गोबिंद सिंह जी के शस्त्रों वाली बस भी शामिल है। सरदार एस.पी. सिंह ने कहा कि यह अवसर हमें गुरु तेग़ बहादुर जी की अद्वितीय शहादत को नमन करने तथा मानवता और धर्म की रक्षा के उनके सिद्धांतों को जन-जन तक पहुँचाने का अवसर देता है।
शोभायात्रा का भव्य स्वागत हापुड़ ततारपुर बाईपास गुरुद्वारा पर एस जे एस मोटर्स एवं स्थानीय संगत ने किया। इसके उपरांत नगर कीर्तन हापुड़ शहर होते हुए गुरुद्वारा गुरु नानक दरबार तहसील चौपला से होकर बुलंदशहर मार्ग होते हुए आगरा के लिए रवाना हुआ, जहाँ रात्रि विश्राम किया जाएगा।



