
अहमदाबाद। हरेश टांक (गुजरात ब्यूरो)। अहमदाबाद के घाटलोडिया वॉर्ड स्थित आयुष्मान वन में रविवार को एक विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तथा गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अपने करकमलों से पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत आयोजित हुआ। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को अपनी माता के नाम पर वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित करना है ताकि हर नागरिक पेड़ और प्रकृति से आत्मीय जुड़ाव महसूस कर सके।
इस अवसर पर अमित शाह ने कहा कि पेड़ न केवल पर्यावरण को संतुलित करते हैं बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों को शुद्ध हवा और स्वस्थ जीवन प्रदान करने का भी माध्यम हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने जीवन में कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाएँ और उसकी देखभाल भी करें। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि गुजरात सरकार प्रदेशभर में वृक्षारोपण अभियान को गति दे रही है और नगर निगमों के माध्यम से हर मोहल्ले और कॉलोनी में हरे-भरे पार्क विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।

कार्यक्रम में अहमदाबाद की महापौर श्रीमती प्रतिभाबेन जैन, उप महापौर जतिन पटेल, अहमदाबाद मनपा स्थायी समिति के अध्यक्ष देवांगभाई दाणी, विधायक बाबूभाई पटेल, अहमदाबाद मनपा आयुक्त बंछानिधि पाणि सहित नगर निगम के अधिकारी और भाजपा पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
स्थानीय नागरिकों ने भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई और वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस मौके पर बच्चों और महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिससे कार्यक्रम जनभागीदारी का एक सशक्त उदाहरण बन सका।
आयुष्मान वन में आयोजित यह वृक्षारोपण कार्यक्रम न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाला रहा, बल्कि समाज में माँ के प्रति श्रद्धा और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी को भी जोड़ने का प्रयास साबित हुआ।

