समाजसेवा ही नारायण सेवा : महंत नारायण गिरी

लक्ष्य निर्माण योजना ट्रस्ट का वार्षिकोत्सव धूमधाम से सम्पन्न, मेधावी विद्यार्थियों को मिला सम्मान
गाजियाबाद। लक्ष्य निर्माण योजना ट्रस्ट ने रविवार को सेक्टर-5, राजेंद्र नगर साहिबाबाद स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में अपना वार्षिकोत्सव बड़े धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर भारतीय संस्कृति एवं सभ्यता विषय पर प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ, जिसमें बच्चों व युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

समारोह के मुख्य अतिथि सिद्धपीठ श्री दूधेश्वरनाथ मठ महादेव मंदिर के पीठाधीश्वर एवं जूना अखाड़ा के राष्ट्रीय प्रवक्ता, दिल्ली संत मंडल के अध्यक्ष महंत नारायण गिरी महाराज रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और उपस्थित लोगों को आशीर्वचन दिए।

महंत नारायण गिरी ने कहा कि लक्ष्य निर्माण योजना ट्रस्ट पिछले 13 वर्षों से समाज और राष्ट्र निर्माण के कार्य में सक्रिय है। संस्था द्वारा जरूरतमंद छात्रों तक शिक्षा का प्रकाश पहुँचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाता है। इसमें विद्यार्थी अपनी पढ़ाई पूरी कर लेने के बाद अपनी पुरानी पुस्तकें ट्रस्ट को उपलब्ध कराते हैं, जिन्हें संस्था जरूरतमंद बच्चों तक पहुँचाती है।

उन्होंने कहा-“यह सेवा भगवान की सच्ची पूजा है क्योंकि सनातन वैदिक धर्म में नर सेवा ही नारायण सेवा कही गई है।”
अपने आशीर्वचन में महंत नारायण गिरी ने कहा कि जीवन में सफलता का मूलमंत्र है स्पष्ट लक्ष्य निर्धारण। जब तक व्यक्ति अपने जीवन का लक्ष्य तय नहीं करता, तब तक सफलता की राह कठिन बनी रहती है। उन्होंने उपस्थित युवाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा, समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण को अपना उद्देश्य बनाएं।

महंत नारायण गिरी ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने स्वयं को जनता का सेवक मानकर कार्य किया है।
उन्होंने कहा-“जिस प्रकार प्रधानमंत्री मोदी समाज व देश सेवा के लिए निरंतर प्रयासरत हैं, उसी प्रकार हमें भी समाज और राष्ट्र की मजबूती में अपना योगदान देना चाहिए। तभी भारत पुनः विश्वगुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा।”
वार्षिकोत्सव के दौरान प्रतियोगिता के विजेताओं एवं मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार व सम्मान पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया। विद्यार्थियों ने अपने अनुभव भी साझा किए और समाजसेवा में सहयोग का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पार्षद रामनिवास बंसल, सी.एल. बरेजा, राजकुमार जिंदल, अजय गुप्ता, केशवकांत मित्तल, सुनील कुमार गोयल, अमित गर्ग, मुकेश पाराशर, कुंज बिहारी सिंघल, अजय जैन सहित कई गणमान्यजन मौजूद रहे।
संस्था की ओर से गाजियाबाद अध्यक्ष विजय मित्तल, पंकज बंसल, राजीव गर्ग, प्रणव सिंघल, अक्षय अग्रवाल, सन्नी त्यागी, पिलखुवा अध्यक्ष सुधीर गोयल, तथा रश्मि गुप्ता, घनश्याम दास गुप्ता, कपिल देव गुप्ता, प्रमोद कुमार केम, नीरज गुप्ता, प्रगति गुप्ता, हरि प्रकाश गुप्ता, हरिओम शर्मा आदि पदाधिकारियों ने महंत नारायण गिरी महाराज का स्वागत किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।



