National

जलगांव रेल हादसा: आग की अफवाह से मची भगदड़, अब तक 13 लोगों की मौत

Jalgaon Train Accident: महाराष्ट्र के जलगांव जिले में बुधवार शाम मुंबई पुष्पक एक्सप्रेस ट्रेन में आग की अफवाह के बाद यात्रियों में भगदड़ मच गई.

ट्रेन में सवार पैसेंजर आग लगने के डर से जल्दबाजी में बगल की पटरियों पर कूदने लगे. इस दौरान दुर्भाग्य से विपरीत दिशा से दूसरी ट्रेन आ रही थी. ऐसे में कुछ यात्री उस ट्रेन के चपेट में आ गए. अधिकारियों ने इस हादसे में कम से कम 13 यात्रियों की मौत होने की जानकारी दी है.

यह दुर्घटना उत्तर महाराष्ट्र के जलगांव जिले के पचोरा कस्बे के निकट माहेजी और परधाड़े स्टेशन के बीच हुई. ट्रेन नंबर 12533 ​​लखनऊ-मुंबई पुष्पक एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह उठी. यात्री जान बचाने के लिए बगल की पटरियों पर कूद गए और बेंगलुरु से दिल्ली जा रही कर्नाटक एक्सप्रेस की चपेट में आ गए. मध्य रेलवे के मुताबिक, इस हादसे में करीब 15 यात्री घायल भी हुए है जिनका इलाज चल रहा है.

PM ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की

हालांकि, रेलवे बोर्ड के सूचना एवं प्रचार विभाग के कार्यकारी निदेशक दिलीप कुमार ने ट्रेन के अंदर आग लगने की बात से इनकार किया है. उन्होंने कहा, ‘हमें जो सूचना मिली है उसके अनुसार कोच में कोई चिंगारी या आग नहीं देखी गई.’ लेकिन इस सब के बावजूद सवाल है आखिर आग नहीं लगी तो अफवाह कैसे उठी, इतने लोगों ने अपनी जान को जोखिम में डालने के लिए मजबूर क्यों हुए?

फिलहाल, रेलवे के अधिकारी हादसे की असली वजह पता करने में जुटे हैं. वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुर्घटना में मारे गए यात्रियों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की. पीएमओ ने पीएम मोदी के हवाले से एक्स पोस्ट में लिखा, ‘महाराष्ट्र के जलगांव में रेलवे ट्रैक पर हुए दुखद हादसे से दुखी हूं. मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं और सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं. अधिकारी प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे है.’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button