बाढ़ पीड़ितों हेतु भोजन, पेयजल, आवास व चिकित्सा की समुचित व्यवस्था : अपर जिलाधिकारी

चिकित्सा विभाग ने राहत शिविर के पास लगाया स्वास्थ्य कैम्प
गाजियाबाद। हरियाणा प्रदेश के हथिनी कुंड (ताजेवाला) बैराज से छोड़े गए पानी के कारण जनपद गाजियाबाद की तहसील लोनी के ग्राम बदरपुर, मीरपुर हिन्दू, पचायरा, इलायचीपुर, लुत्फुल्लापुर नवादा और अल्लीपुर बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में जलस्तर बढ़ने और परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के उपरांत जिला प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।

जिलाधिकारी गाजियाबाद के निर्देशों के अनुपालन में सौरभ भट्ट, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), दीपक सिंघनवाल, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं उपजिलाधिकारी लोनी तथा डॉ. अरुण कुमार अग्रवाल, तहसीलदार लोनी ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत शिविरों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा विस्थापित परिवारों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली।

अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) ने बताया कि राहत शिविरों में रह रहे लगभग 250 व्यक्तियों को दिन में तीन बार भोजन पैकेट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सभी परिवारों के लिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था की गई है। बच्चों और वृद्धों हेतु पर्याप्त मात्रा में दूध का भी वितरण कराया जा रहा है।
स्वास्थ्य सेवाओं के तहत चिकित्सा विभाग ने राहत शिविर के समीप स्वास्थ्य कैम्प स्थापित किया है, जहाँ क्लोरीन की गोलियाँ, जिंक, पैरासिटामोल, अन्य आवश्यक दवाएँ तथा ओआरएस के पैकेट नि:शुल्क वितरित किए जा रहे हैं। आकस्मिक स्थितियों से निपटने हेतु एम्बुलेंस की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है।
प्रभावित परिवारों के पशुओं हेतु चारे की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। प्रशासन की ओर से बताया गया कि यमुना नदी का जलस्तर घटकर आज 211.40 मीटर पर पहुँच गया है, जिससे स्थिति नियंत्रण में है। जिला प्रशासन सतर्क दृष्टि बनाए हुए है और बाढ़ प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।



