PryagrajUttar Pradesh

शख्सियत : खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. प्रज्ञा सिंह ने एक वर्ष में बदली सिराथू ब्लॉक की तस्वीर

प्रयागराज। कहते हैं कि अगर कुछ करने का जज़्बा हो तो हालात और तस्वीर दोनों बदली जा सकती हैं। इस कहावत को चरितार्थ किया है जनपद कौशांबी के सबसे बड़े विकास खंड सिराथू की खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. प्रज्ञा सिंह ने। महज़ एक वर्ष के भीतर उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में सिराथू ब्लॉक को जनपद में अग्रणी स्थान दिला दिया है।
डॉ. प्रज्ञा सिंह के प्रशासनिक कौशल, दूरदर्शिता और शिक्षकों के साथ बेहतर समन्वय का ही परिणाम है कि आज सिराथू ब्लॉक के विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता और विभिन्न गतिविधियों में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिल रहा है। उनकी कार्यशैली शिक्षकों को लगातार बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित कर रही है।
डॉ. प्रज्ञा सिंह की प्रारंभिक शिक्षा प्रयागराज में हुई। वह प्रयागराज के प्रतिष्ठित के.पी. इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. योगेंद्र सिंह की पुत्री हैं। बचपन से ही मेधावी रहीं डॉ. प्रज्ञा सिंह ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी अलग पहचान बनाई।
उनकी पहली नियुक्ति खंड शिक्षा अधिकारी के रूप में प्रयागराज के नगर क्षेत्र में हुई थी। इसके बाद उनका स्थानांतरण कौशांबी जनपद में हुआ, जहां उन्होंने पहले मूरतगंज ब्लॉक में अपनी सेवाएं दीं। वर्तमान में वह जनवरी 2025 से सिराथू ब्लॉक की खंड शिक्षा अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं।
अपने कार्यकाल में उन्होंने शिक्षकों के साथ मजबूत तालमेल बनाते हुए शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा दी है। डिजिटलाइजेशन, खेलकूद प्रतियोगिताएं, पीएम श्री विद्यालयों में गतिविधियां और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे कई क्षेत्रों में सिराथू ब्लॉक जनपद में अग्रणी बनकर उभरा है।
हाल ही में घोषित राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में भी जनपद में सबसे अधिक विद्यार्थियों का चयन सिराथू ब्लॉक से हुआ है, जो यहां की बेहतर शैक्षिक व्यवस्था का प्रमाण है।
डॉ. प्रज्ञा सिंह का कहना है कि यह उपलब्धियां अकेले संभव नहीं थीं। इसमें शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों और ब्लॉक संसाधन केंद्र की पूरी टीम का सहयोग शामिल है। सभी एक इकाई के रूप में कार्य कर रहे हैं, जिसके कारण सिराथू ब्लॉक का प्रदर्शन हर क्षेत्र में उल्लेखनीय बनता जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button