विधायक संजीव शर्मा ने किया छठ घाटों का निरीक्षण

गाज़ियाबाद। छठ महापर्व को लेकर तैयार किए गए छठ घाटों का रविवार को विधायक संजीव शर्मा ने निरीक्षण किया। उन्होंने बिजली, पानी, सुरक्षा एवं सफाई संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्व के दौरान किसी भी श्रद्धालु को सूर्य भगवान को अर्घ्य देने में कोई असुविधा न होने पाए।

विधायक संजीव शर्मा के मीडिया सलाहकार अजय चौपड़ा ने बताया कि विधायक ने वार्ड-55 विजय नगर में मकान संख्या ए-481 के सामने तैयार छठ घाट तथा वार्ड-51 प्रताप विहार में मकान संख्या ई-424 के सामने स्थित शिव मंदिर पार्क पर बने घाटों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर नवयुग भोजपुरी विकास समिति के पदाधिकारियों ने सभी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराने पर विधायक का आभार जताया।

विधायक संजीव शर्मा ने प्रताप विहार, विजय नगर क्रॉसिंग, हिंडन नदी तट सहित अन्य छठ घाटों का भी दौरा किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि—
“छठ पूजा लोक आस्था का महापर्व है। सूर्य देव एवं छठी मैया की आराधना को समर्पित यह पर्व प्रकृति, पवित्रता और जीवन ऊर्जा के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। यह पर्व न केवल धार्मिक बल्कि सामाजिक एकता का भी संदेश देता है।”
उन्होंने बताया कि सोमवार की संध्या को डूबते सूर्य एवं मंगलवार की प्रातः उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इस दौरान किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रवासी शासन एवं नगर निगम द्वारा की गई व्यवस्थाओं से संतुष्ट दिखे।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से अनिल सिंह, ध्रुव देव यादव, आत्मा प्रसाद कुशवाहा, कामेश्वर गिरी, उमेश गिरी, राजाराम कुशवाहा, बबलू जसवंत सिंह, जगदीश गुप्ता, आर.पी. शर्मा, आकाश सिंह, विकास सिंह, ओमप्रकाश तिवारी, उमाशंकर केसरी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।



