छात्रवृत्ति व शुल्क प्रतिपूर्ति की समस्याओं को लेकर टेक्निकल इंस्टीट्यूशंस फाउंडेशन का प्रतिनिधिमंडल अपर मुख्य सचिव से मिला

- गरीब एवं मेधावी छात्रों को मिले योजनाओं का लाभ : डॉ. अतुल कुमार जैन
लखनऊ। टेक्निकल इंस्टीट्यूशंस फाउंडेशन ऑफ़ उत्तर प्रदेश के महासचिव डॉ. अतुल कुमार जैन के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने समाज कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री एल. वेंकटेश्वर लू (वरिष्ठ आईएएस) से लखनऊ स्थित उनके कार्यालय में भेंट की। इस दौरान अनुसूचित जाति एवं सामान्य वर्ग के छात्रों को छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजनाओं के अंतर्गत आ रही समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने अपर मुख्य सचिव को अवगत कराया कि राज्य की विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं में अध्ययनरत गरीब, आर्थिक रूप से कमजोर तथा मेधावी छात्र-छात्राएं समय से छात्रवृत्ति व शुल्क प्रतिपूर्ति न मिलने के कारण कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। ऐसे में वर्तमान नीति में आवश्यक संशोधन किए जाने चाहिए ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ योग्य छात्रों तक पहुंच सके।
बैठक में यह सुझाव रखा गया कि शुल्क प्रतिपूर्ति में संस्थान की रैंकिंग को मानक न बनाते हुए छात्र की आर्थिक स्थिति और योग्यता को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही प्रवेश के लिए अनुमोदन देने वाले विभागों द्वारा निर्धारित शैक्षणिक अर्हता को ही आधार माना जाए। छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति से संबंधित वर्गीकरण व्यवस्था में भी परिस्थितियों और आवश्यकताओं के अनुरूप सुधार किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
डॉ. अतुल कुमार जैन ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की लोक-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदेश के सभी मेधावी छात्रों तक पहुँचना चाहिए। उन्होंने बैठक में यह भी उल्लेख किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा किए गए प्रयासों से अब परीक्षाओं में नकल की प्रवृत्ति पूरी तरह समाप्त हो चुकी है। पहले जहाँ नकल का बोलबाला रहा करता था, वहीं अब किसी भी संस्थान में परीक्षा नकल-मुक्त तरीके से संपन्न हो रही है।
इस अवसर पर टेक्निकल इंस्टीट्यूशंस फाउंडेशन की ओर से डॉ. अतुल कुमार जैन के साथ महेश अग्रवाल (चेयरमैन, गोयल इंस्टीट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी, लखनऊ), संजीव कुमार (चेयरमैन, उत्तम इंस्टीट्यूट, आगरा) एवं राघव रस्तोगी (चेयरमैन, सेठ विशम्बर नाथ इंजीनियरिंग कॉलेज, बाराबंकी) उपस्थित रहे। वहीं विभाग की ओर से अपर मुख्य सचिव एल. वेंकटेश्वर लू, नोडल अधिकारी छात्रवृत्ति सिद्धार्थ मिश्रा, उप सचिव सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
बैठक के अंत में डॉ. अतुल कुमार जैन ने अपर मुख्य सचिव एवं उपस्थित अधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।



